Almora News

नैनीताल बैंक को मैनेजर ने लगाया चूना, एक करोड़ रुपये से अधिक की गड़बड़ी सामने आई

Ad

Nainital Bank: Almora: Bank Manager: Fraud: Case: अल्मोड़ा स्थित नैनीताल बैंक की एलआर साह रोड शाखा में एक करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। बैंक के वर्तमान शाखा प्रबंधक चंद्रशेखर तिवारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पूर्व शाखा प्रबंधक राहुल पंत सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।

ADVERTISEMENTS Ad

शाखा प्रबंधक तिवारी के अनुसार, 17 जनवरी 2023 से 24 जनवरी 2025 तक राहुल पंत बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। इस अवधि के दौरान की गई बैंकिंग गतिविधियों की ऑडिट जांच में गंभीर वित्तीय गड़बड़ियों का पता चला।

तिवारी ने आरोप लगाया कि राहुल पंत ने नोएडा निवासी ग्राहक प्रियंक पंत के लिए पहले 10 लाख रुपये की नकद क्रेडिट लिमिट स्वीकृत की, जिसे बाद में नियमों को ताक पर रखकर 93.50 लाख रुपये तक बढ़ा दिया गया। जबकि बैंकिंग नियमों के अनुसार, शाखा प्रबंधक अधिकतम केवल 12.50 लाख रुपये तक की लिमिट ही स्वीकृत कर सकते हैं।

इसी तरह, धारानौला निवासी शुभम पंत की क्रेडिट लिमिट भी 10 लाख से बढ़ाकर 17 लाख रुपये कर दी गई, और यह दोनों सीमाएं बिना आवश्यक दस्तावेजों और उचित संपत्ति को बैंक के पक्ष में गिरवी रखे बिना स्वीकृत की गईं।

जांच में यह भी सामने आया कि लिमिट स्वीकृत होने के बाद राहुल पंत ने ग्राहक प्रियंक पंत के साथ मिलकर अलग-अलग तारीखों में लगभग 93.49 लाख रुपये संबंधित खाते से निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर किए, जिससे बैंक को 91.88 लाख रुपये का नुकसान हुआ। वहीं, शुभम पंत के खाते से 17 लाख रुपये तक की रकम निकालकर अलग-अलग खातों में स्थानांतरित की गई, जिससे बैंक को करीब 9.79 लाख रुपये की चपत लगी।

इन दोनों मामलों में कुल मिलाकर बैंक को लगभग 1.01 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मामला सामने आने के बाद बैंक द्वारा अन्य खातों की भी जांच की जा रही है।

शाखा प्रबंधक तिवारी ने इस धोखाधड़ी को गंभीर मानते हुए पूर्व शाखा प्रबंधक राहुल पंत समेत दो अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top