Uttarakhand News

उत्तराखंड के एक विश्वविद्यालय में पेपर लीक, दोषी पर लगा प्रतिबंध !

Ad

Uttarakhand: Paper Leak: पेपर लीक को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन हो रहा है। इस बीच एक खबर उत्तराखंड से भी सामने आ रही है। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक हुआ है। मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने जांच के बाद दो विषयों की परीक्षाएं रद कर दी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया है। इसी क्रम में प्रश्नपत्र तैयार करने वाले शिवालिक कॉलेज आफ इंजीनियरिंग, देहरादून के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को सात साल तक परीक्षा संबंधी कार्यों से बैन किया गया है।

बता दें कि मामला सत्र 2025-26 की सम सेमेस्टर परीक्षाओं का है। विश्वविद्यालय को मैकेनिकल लर्निंग फार इंटरनेट ऑफ थिंग्स विषय के प्रश्नपत्र को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद विश्वविद्यालय ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की। इसके साथ ही शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने भी अपने स्तर पर मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि इस विषय के बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता आशीष कुमार गुप्ता ने परीक्षा से पहले प्रश्न छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किए।

जांच समिति ने इसे परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और नियमों का गंभीर उल्लंघन माना। वहीं ये भी सामने आया कि इसी शिक्षक की ओर से तैयार किए गए इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी विषय का प्रश्नपत्र भी लीक हुआ। ऐसे में विश्वविद्यालय ने दोनों विषयों की पहले आयोजित परीक्षाओं को निरस्त करने का फैसला लिया।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. वीके पटेल ने बताया कि निरस्त की गई दोनों परीक्षाओं का आयोजन अगस्त के तीसरे सप्ताह में कराया जाएगा। परीक्षा की तिथि और केंद्रों की जानकारी अलग से जारी की जाएगी। प्रभावित छात्रों को संबंधित कालेजों के माध्यम से इसकी सूचना दी जा रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top