
Ramnagar Hospital | Health Services | Rahul Singh Daramwal : रामनगर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल प्रशासन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली परेशानियों को लेकर सीएमएस तपन शर्मा से बातचीत की।
समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल की पहल पर पहुंचे युवाओं ने अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी, ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और शौचालयों की स्थिति समेत कई मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे।
इसके अलावा अस्पताल में पीने के पानी के लिए वाटर कूलर, मरीजों की जांच, दवाइयों की उपलब्धता, पार्किंग व्यवस्था और मरीजों व छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा शुरू करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
सीएमएस तपन शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी के साथ ही पार्किंग, पीने के पानी और ऑनलाइन पेमेंट जैसी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए अपने स्तर से भी प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में यह बात भी सामने आई कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और अस्पताल प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। इसका उद्देश्य रामनगर के साथ-साथ कुमाऊं और गढ़वाल से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
राहुल सिंह दरम्वाल की पहल पर बड़ी संख्या में युवा अस्पताल पहुंचे और उन्होंने मरीजों से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। राहुल सिंह दरम्वाल क्षेत्र के युवाओं को एकजुट कर सामाजिक और स्थानीय मुद्दों के समाधान के लिए काम करने की दिशा में भी प्रयास कर रहे हैं।
इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष कृष्णा ठाकुर, छात्र संघ कोषाध्यक्ष संक्रांत सिंह, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष करन बिष्ट, कमलेश बिष्ट, सौरभ छिमवाल, रवि तिवारी, नीरज मेहरा, महेंद्र आर्य, नीरज रावत, संजय रौतेला, अनुज अधिकारी, करन आर्य, विशाल आर्य, काकू, पारस, हिमांशु आर्य, जितेंद्र, नवीन गोस्वामी, अभय मेहरा, गौरव बिष्ट, संजय गिरी, रवि कुमार, कोमल, मनप्रीत सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।






