Bageshwar News

बागेश्वर के पवन बचखेती बने फ्लाइंग ऑफिसर, मेहनत और लगन से पूरा किया बचपन का सपना

Ad

Flying Officer Pawan Bachkheti | Indian Air Force | Bageshwar News : उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के पातल गांव के युवा पवन बचखेती ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

पवन बचखेती का चयन एएफसीएटी (AFCAT) परीक्षा के माध्यम से हुआ था। इसके बाद उन्हें दिसंबर 2024 में भारतीय वायुसेना अकादमी, हैदराबाद में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। 13 जून को आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद उन्होंने सफलतापूर्वक कमीशन प्राप्त किया और भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में नियुक्ति हासिल की।

पवन सैन्य परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता लक्ष्मी दत्त बचखेती भारतीय सेना की 4 कुमाऊं रेजिमेंट से नायक सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं…जबकि उनकी माता सोनी देवी गृहिणी हैं। परिवार के संस्कार और देशसेवा की भावना ने बचपन से ही उन्हें सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया।

पवन की शुरुआती पढ़ाई गांव में हुई, जबकि आगे की शिक्षा उन्होंने रुद्रपुर में पूरी की। बचपन से ही वर्दी पहनकर देश की सेवा करने का सपना देखने वाले पवन ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह सफलता हासिल की।

उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा माना जा रहा है। परिजनों, रिश्तेदारों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

पवन बचखेती की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए…तो गांव का युवा भी देश की सर्वोच्च सेवाओं में अपनी जगह बना सकता है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top