Sports News

PBKS vs RCB Final: अगर बारिश से रद्द हुआ फाइनल तो कौन बनेगा चैंपियन?

Ad

PBKS vs RCB Final: आईपीएल 2025 का रोमांचक सफर अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। अब तक खेले गए 73 मुकाबलों के बाद मंगलवार, 3 जून को फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इस बार का फाइनल मुकाबला दो ऐसी टीमों के बीच है जिन्होंने कभी खिताब नहीं जीता – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पंजाब किंग्स। ऐसे में इस बार एक नई टीम इतिहास रचेगी और पहली बार आईपीएल चैंपियन बनेगी।

ADVERTISEMENTS Ad

इस सीजन की शुरुआत आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मुकाबले से हुई थी। जहां पंजाब ने ग्रुप स्टेज में टॉप पोजीशन हासिल की, वहीं आरसीबी ने दूसरा स्थान हासिल किया। आरसीबी का सीजन शानदार रहा, खासतौर पर घर से बाहर उनका प्रदर्शन जबरदस्त रहा, जिसमें उन्होंने शत-प्रतिशत जीत दर्ज की।
दोनों टीमें पहले क्वालिफायर में आमने-सामने हुई थीं, जिसमें आरसीबी ने पंजाब को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। पंजाब ने फिर क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

क्या फिर से बारिश बनाएगी मुश्किलें?

पंजाब और मुंबई के बीच क्वालिफायर-2 मुकाबले में बारिश ने जमकर खलल डाला था। मैच दो घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ, हालांकि पूरा मुकाबला 20 ओवरों का ही खेला गया। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या फाइनल में भी बारिश रंग में भंग डालेगी?

मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को अहमदाबाद में बादल छाए रह सकते हैं और बारिश की भी संभावना है। ऐसे में दर्शकों और टीमों दोनों की धड़कनें तेज हो गई हैं।

क्या है फाइनल के लिए प्लान बी?

1. रिजर्व डे:
राहत की बात यह है कि बीसीसीआई ने इस बार भी फाइनल के लिए रिजर्व डे (4 जून, बुधवार) रखा है। अगर मंगलवार को बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो पाया तो यह मुकाबला अगले दिन खेला जाएगा।

2. कट ऑफ टाइम:
बारिश को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने मैच खत्म करने के लिए दो घंटे का अतिरिक्त समय रखा है। यदि रात 9:30 बजे तक खेल शुरू हो गया तो ओवरों में कोई कटौती नहीं होगी।
यदि मैच देरी से शुरू होता है, तो 5-5 ओवर का मैच कराने की अंतिम समयसीमा रात 11:56 बजे है।

3. सुपर ओवर का विकल्प:
अगर रिजर्व डे पर भी मुकाबला नहीं हो सका, तो दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर से विजेता तय किया जाएगा। सुपर ओवर कराने के लिए रात 12:30 बजे तक का समय रखा गया है।

4. सुपर ओवर भी नहीं हुआ तो?
अगर मौसम इतना खराब रहा कि सुपर ओवर भी नहीं कराया जा सका, तो अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम यानी पंजाब किंग्स को विजेता घोषित कर दिया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top