
Haldwani News | Petrol Diesel Price Hike | Transport Fare Increase | Uttarakhand Transport News | Fuel Price | Mountain Route Freight | Haldwani Petrol Pump : हल्द्वानी में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर अब ट्रांसपोर्ट कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। परिवहन कारोबारियों ने कहा है कि ईंधन और वाहन रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ रहा है…जिसके चलते पहाड़ी मार्गों पर माल भाड़ा बढ़ाया जा सकता है।
देवभूमि ट्रांसपोर्ट महासंघ जल्द इस मुद्दे पर बैठक करने जा रहा है। बैठक में किराये में करीब आठ से दस प्रतिशत तक बढ़ोतरी पर फैसला लिया जा सकता है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि डीजल, ग्रीस, लुब्रिकेंट्स, बैटरी और स्पेयर पार्ट्स समेत सभी जरूरी सामान महंगे हो गए हैं। इससे ट्रांसपोर्ट कारोबारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है।
वर्तमान में हल्द्वानी से अलग-अलग पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अलग-अलग माल भाड़ा लिया जाता है। अल्मोड़ा के लिए 100 रुपये प्रति क्विंटल, बागेश्वर के लिए 150 रुपये और मुनस्यारी-धारचूला के लिए 300 रुपये प्रति क्विंटल तक किराया लिया जा रहा है।
इधर, शुक्रवार को हल्द्वानी के कुछ पेट्रोल पंपों पर चार से पांच घंटे तक पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित रही। खासकर नैनीताल रोड के कुछ पेट्रोल पंपों पर सुबह से दोपहर तक ईंधन नहीं मिल पाया…जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुछ पेट्रोल पंपों पर केवल प्रीमियम पेट्रोल उपलब्ध था…जिसकी कीमत सामान्य पेट्रोल से ज्यादा थी। बाद में शाम तक ईंधन की आपूर्ति सामान्य हो गई।
पर्वतीय पेट्रोलियम एसोसिएशन के अनुसार शहर में ईंधन की सप्लाई सामान्य है और कुछ समय के लिए ही दिक्कत हुई थी। फिलहाल हल्द्वानी में पेट्रोल की कीमत 95 रुपये 42 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत 90 रुपये 64 पैसे प्रति लीटर दर्ज की गई है।






