
Accident | Pithoragarh | Road Safety : थल-पिथौरागढ़ मार्ग पर मंगलवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। सुवालेख-भौड़ी के बीच बिछुल के पास तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर खाई की ओर लुढ़क गई। गनीमत रही कि वाहन एक पेड़ से अटक गया और खाई में पूरी तरह गिरने से बच गया।
हादसे के समय बोलेरो में चालक समेत सात लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी सात लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और निजी वाहनों से उन्हें पिथौरागढ़ लाने की कोशिश की। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार घायलों में बझांग, नेपाल निवासी दीपक चुनारा, हरीश कुमार और सुरेश शामिल हैं। ये लोग थल से मशीन का सामान लेकर पिथौरागढ़ लौट रहे थे। घायलों ने बताया कि बोलेरो की रफ्तार तेज थी। सड़क के ऊपर एक दूसरा वाहन खड़ा होने के कारण चालक को वाहन नियंत्रित करने में परेशानी हुई और बोलेरो खाई की तरफ चली गई।
वाहन में लखतीगांव, डीडीहाट निवासी चालक दीपांकर, उनकी मां मधु देवी, छोटे भाई निवेश कुमार और मुवानी स्कूल में तैनात संजौता कोहली भी सवार थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में चिकित्सकों को अलर्ट कर दिया गया। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीपी सिंह के अनुसार सर्जन, ईएनटी सर्जन समेत अन्य चिकित्सकों को घायलों के उपचार के लिए तैनात किया गया। सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति ठीक बताई गई है।
पेड़ बना जिंदगी और मौत के बीच ढाल
इस हादसे में एक पेड़ सात लोगों के लिए जिंदगी बचाने वाला साबित हुआ। अनियंत्रित बोलेरो करीब 30 मीटर खाई की ओर लुढ़कने के बाद पेड़ में अटक गई। अगर वाहन सीधे खाई में गिर जाता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। पेड़ के सहारे वाहन रुकने से सभी सात लोगों की जान बच गई…हालांकि सभी को चोटें आई हैं।






