Pithoragarh News

उत्तराखंड:डीएम रीना जोशी ने किया स्कूल का निरीक्षण,फिर बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर खाना खाया

Ad

पिथौरागढ़: विकासखंड कनालीछीना के ग्राम टुंडी भ्रमण पर पहुंची जिलाधिकारी पिथौरागढ़ रीना जोशी का ग्राम वासियों ने हर्ष के साथ स्वागत किया। जिलाधिकारी ने ग्राम टुंडी में विकासशील कार्यों और ग्राम वासियों की समस्या के बारे में जाना। टुंडी वासियों ने जिलाधिकारी को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया तथा ग्राम प्रधान विश्राम राम ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को डीएम के समक्ष रखा, जिनमें से प्रमुख समस्याएं पीएमजीएसवाई की डौडा बारमौ से टुंडी गांव तक सड़क, ब्रह्मचारी इष्ट देव के मंदिर के मेला स्थल पर धर्मशाला, एएनएम भवन निर्माण, टुंडी गांव से असुर देव के मंदिर तक सीसी मार्ग, पंचायत घर/जनसंवाद ग्रह आदि हैं। इन सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण करने का जिलाधिकारी ने ग्राम वासियों को आश्वासन दिया।

ADVERTISEMENTS Ad

जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय ग्राम टुंडी में विद्यार्थियों के लिए बने मध्यान्ह भोजन को विद्यार्थियों के साथ नीचे बैठकर ग्रहण किया और खाने की गुणवत्ता भी परखी। इसके अतिरिक्त विद्यालय की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए। ग्राम वासियों ने टुंडी के निकट जल स्रोत से बह रहे जल के सदुपयोग के लिए गुल निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी जिसका निवारण के लिए जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई अधिकारी को गूल बनाने का निर्देश दिए। राजस्व ग्राम टुंडी के अंतर्गत आने वाले ग्राम मेपु में निवासरत दो विकलांग बच्चों की पेंशन बनाने के लिए समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए।

जिला अधिकारी ने ग्राम टुंडी में निवासरत किसान से क्षेत्र में पैदा की जाने वाली फसलों के बारे में जाना और उनको मत्स्य पालन के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान भ्रमण कार्यक्रम में ग्राम प्रधान विश्राम राम व ग्राम वासियों सहित मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी,उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक जुकरिया, मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, उरेडा विभाग, पीडब्ल्यूडी पीएमजीएसवाई आदि विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top