
Pithoragarh Lineman Death | UPCL | Electrical Accident : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के आंवलाघाट इलाके से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां बिजली लाइन में खराबी ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े 36 वर्षीय लाइनमैन मनोज कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मनोज ने काम शुरू करने से पहले बिजली का शटडाउन लिया था….इसके बावजूद 11 केवी हाईटेंशन लाइन में अचानक करंट दौड़ गया।
हादसा सुबह करीब 10 बजे गोरंगघाटी क्षेत्र के बकसील गांव के पास हुआ। मनोज कुमार पुत्र नारायण राम इसी गांव के रहने वाले थे….और आसपास के क्षेत्रों में लाइनमैन का काम करते थे।
बिजली की खराबी ठीक करने पोल पर चढ़े थे
स्थानीय लोगों के मुताबिक आंवलाघाट पंपिंग योजना की बिजली सप्लाई में पिछले दो दिनों से खराबी थी। इसके चलते क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी। बिजली की खराबी दूर करने की जिम्मेदारी मनोज कुमार को दी गई थी।
बताया गया कि मनोज ने विधिवत शटडाउन लेने के बाद 11 केवी हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़कर काम शुरू किया। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया और मनोज इसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी के नामकरण के बाद काम पर निकले थे
इस हादसे से मनोज के परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बताया जा रहा है कि मनोज की तीन बेटियां हैं और उनकी सबसे छोटी बेटी का नामकरण संस्कार हुआ था। नामकरण की रस्म पूरी करने के बाद मनोज काम के लिए निकले थे। कुछ समय बाद ही परिवार को उनकी मौत की खबर मिली।
मनोज अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
तीन सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता डीके बिष्ट ने कहा कि घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर ऊर्जा निगम के प्रति नाराजगी भी सामने आई है। दी गई जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले में पिछले करीब एक दशक के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में करंट लगने से 10 लाइनमैन की मौत हो चुकी है।






