Uttarakhand News

रुद्रपुर में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ये दशक उत्तराखंड का दशक है

Ad

Uttarakhand News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जनपद उधमसिंहनगर के रुद्रपुर में विजय शंखनाद रैली में प्रतिभाग कर उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शंख भेंट कर उनका स्वागत किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां नंदा देवी, गोल्ज्यू देवता, मां राज राजेश्वरी एवं उत्तराखंड की धरती को नमन करते हुए बड़ी संख्या में आशीर्वाद देने आए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में ये उनकी पहली चुनावी सभा है।

ADVERTISEMENTS Ad

उन्होंने इसे प्रचार सभा नहीं विजय सभा बताया। उन्होंने उत्तराखंड की जनता की तपस्या का प्रतिफल, राज्य का विकास करके लौटाने का वादा किया। देवभूमि की जनता के आशीर्वाद को उन्होंने अपनी बड़ी पूंजी बताई। उन्होंने उधम सिंह नगर को मिनी इंडिया बताते हुए कहा कि जब भी वो उत्तराखंड की पवित्र धरती में आते हैं तो खुद को धन्य महसूस करते हैं। प्रधानमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड को विकसित बनाने का वादा किया तथा कहा कि इसके लिए केंद्र की भाजपा सरकार कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा बीते 10 वर्ष में जितना विकास उत्तराखंड का हुआ है उतना आजादी के बाद के 60 साल में नहीं हुआ।

आज उत्तराखंड हर प्रकार की आधुनिक कनेक्टिविटी से जुड़ रहा है। उत्तराखंड में भाजपा ने गरीबों को 85 हजार पक्के घर बनाकर दिए हैं। 12 लाख घरों तक पानी का कनेक्शन पहुंचाया है। यहां भाजपा सरकार ने साढ़े पांच लाख से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कराया है। यहां की 5 लाख से ज्यादा महिलाओं को उज्जवला का मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया है। राज्य में करीब 3 लाख लोगों को स्वामित्व योजना के तहत उनकी प्रॉपर्टी के कार्ड दिए गए हैं। भाजपा सरकार ने 35 लाख लोगों के बैंक खाते खुलवाए हैं, उन्हें बैंकों से जोड़ा है। उत्तराखंड के छोटे किसानों के बैंक खातों में 2200 करोड़ रुपए से ज्यादा सीधे भेजे हैं।

उन्होंने कहा जब नीयत सही होती है, तो ऐसे ही काम होता है। इसलिए नीयत सही, तो नतीजे सही। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता जानती है कि मोदी ने भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने की गारंटी दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने तीसरे टर्म में आपका ये बेटा और बड़े काम करने जा रहा है। उनका लक्ष्य है कि जनता को 24 घंटे बिजली मिले, बिजली का बिल ज़ीरो हो और बिजली से कमाई भी हो। इसके लिए पीएम सूर्यघर- मुफ्त बिजली योजना शुरु की है। इसके तहत छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार मदद दे रही है। इससे 300 यूनिट तक फ्री बिजली मिलेगी। अगर बिजली बचती है, तो उसे सरकार खरीदेगी। उन्होंने कहा आपके इस सेवक ने बहनों के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना भी बनाई है। इसके तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को लाखों रुपए का ड्रोन दिया जा रहा है। अब हमारी बहनें ड्रोन पायलट बनेंगी। इसका भी सीधा लाभ उत्तराखंड की मेरी बहनों-बेटियों को होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनका प्रयास है कि केदारखंड की तरह ही मानसखंड भी देश और दुनिया में और अधिक परिचित हो। पिछले वर्ष वो आदि कैलाश गए थे। तब पूरे देश ने इस क्षेत्र के अद्भुत सामर्थ्य को देखा था। उत्तराखंड में खेती, पर्यटन या इंडस्ट्री, हर क्षेत्र में अभूतपूर्व संभावनाएं बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड के नौजवानों का सपना ही मेरा संकल्प है। उन्होंने कहा बीते वर्षों में उत्तराखंड से पलायन रुका है। वो दिन दूर नहीं जब रोज़गार के लिए शहर गए साथी वापस लौटेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top