
Dehradun News : उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड की ओर से स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से आयोजित आरपीएल (Recognition of Prior Learning) कार्यक्रम का समापन समारोह 13 जुलाई को नगर निगम सभागार देहरादून में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FoSTaC) के प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही सफल प्रतिभागियों को उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
पर्यटन विभाग का मानना है कि सुरक्षित और स्वच्छ भोजन पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग के सचिव एवं उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय और पर्यटन विकास बोर्ड की अपर निदेशक पूनम चन्द भी मौजूद रहेंगी।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह पहल प्रदेश में स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर पर्यटन सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय खाद्य व्यवसायियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और पर्यटकों को बेहतर गुणवत्ता की सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित स्ट्रीट फूड विक्रेता, खाद्य व्यवसाय संचालक और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।






