National News

भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में चमत्कार, परिवार को सात साल बाद मिला बिछड़ा बेटा

नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री बने आम आदमी पार्टी के भगवंत सिंह मान के शपथ ग्रहण समारोह में चमत्कार हो गया। दरअसल जब मान के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हो रहा था, तो पुलिस वेरिफिकेशन में एक पिता को सात साल से बिछड़ा उसका बेटा मिल गया। जिला फरीदकोट निवासी देविंदर सिंह का बेटा जसविंदर सिंह 7 साल पहले घर से किसी कारण से भाग निकला। जो तलाशने के बाद भी नहीं मिला था। अब जाकर वह मिल गया है।

बता दें कि परिवार ने बेटे के गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने छानबीन भी की। मगर उसका कहीं पता नहीं लग सका। अब भगवंत मान को शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेनी थी। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम भी चौकस किए गए थे। इसी दौरान शपथग्रहण समारोह में देविंदर का बेटा कुर्सियां लगा रहा था। गौरतलब है कि इसमें पुलिस का भी बड़ा सहयोग रहा।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते पुलिस एक-एक व्यक्ति की जानकारी इकट्ठा कर वेरिफिकेशन करा रही है। नवांशहर के एएसआई बलविंदर सिंह ने जसविंदर के घर जब उनके बेटे के बारे में पूछताछ की, तो पता लगा कि उनका बेटा 7 साल पहले बिछड़ गया था। इसके बाद तो मानो घर में जश्न का माहौल हो गया। जानकारी पाते ही खुद पिता अपने बड़े बेटे को लेने के लिए स्थल पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों का शुक्रिया अदा किया।

जसविंदर सिंह ने जानकारी दी और बताया कि वह पांच दिनों से यहां काम कर रहा था मगर पहले क्रॉकरी का काम करता था। नवांशहर एसएसपी कंवरदीप कौर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री शपथग्रहण समारोह में काम करने वाले सभी कर्मियों की वेरिफिकेशन की गई थी। जब जसविंदर की वेरिफिकेशन कराई गई तो उसके परिजनों ने बताया कि, वह 7 साल पहले बिछड़ गया था। जानकारी के अनुसार, पंजाब के हर जिले की फोर्स को इस कार्यक्रम में लगाया गया है, ताकि किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

To Top
Ad