
RamnagarNews | KalahandiPowerAccident | UttarakhandNews : नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में बिजली की लाइन में आई खराबी को ठीक करने के दौरान एक संविदा कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा बैलपड़ाव विद्युत सब स्टेशन क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान 25 वर्षीय चंद्रभान निवासी धमोला, कालाढूंगी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह गैबुआ क्षेत्र में बिजली की लाइन में खराबी आ गई थी। इसे ठीक करने के लिए बिजली विभाग से जुड़े संविदा कर्मचारी चंद्रभान मौके पर पहुंचे। बताया गया कि वह खराबी दूर करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़े थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए।
करंट लगने के बाद चंद्रभान पोल से नीचे गिर गए। हादसा होते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया…लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिजली विभाग के जेई मनोहर सिंह के अनुसार, हादसा शटडाउन की प्रक्रिया पूरी होने से पहले कर्मचारी के पोल पर चढ़ने के कारण हुआ। उनका कहना है कि नीचे मौजूद कर्मचारी शटडाउन लेने की प्रक्रिया में था…लेकिन उससे पहले ही चंद्रभान पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आ गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद बिजली लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और शटडाउन प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हाईटेंशन लाइन के आसपास काम करते समय निर्धारित सुरक्षा नियमों और प्रक्रिया का पालन बेहद जरूरी माना जाता है।
कालाढूंगी कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, मामले की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






