Nainital-Haldwani News

रामनगर में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति-सास समेत चार गिरफ्तार

Ad

Ramnagar | Dowry Case | Nainital Police : नैनीताल जिले के रामनगर में 20 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश करने का भी आरोप है।

ADVERTISEMENTS Ad

मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर को रामनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में रहने वाले उवेश से हुआ था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि शादी में अपनी सामर्थ्य के मुताबिक दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी। मायके पक्ष ने 16 अक्टूबर को कोहिनूर की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की जांच में सामने आया कि दहेज की मांग और पारिवारिक मामलों को लेकर कोहिनूर और उसके पति के बीच विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई….जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए।

पुलिस के मुताबिक आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कोहिनूर के साथ मारपीट की गई और उसका मुंह कपड़े से बंद कर गला दबाया गया। उसकी मौत के बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है। पुलिस इन तथ्यों की जांच कर रही है।

मामले में कार्रवाई करते हुए रामनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतका का पति उवेश (22), सास नसरीन (50), जेठ अनस (23) और ननद शबा (20) शामिल हैं। सभी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े साक्ष्यों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल जारी है। अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को प्रोत्साहित करने के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top