
Ramnagar News : Drug Smuggling : Nainital Police : नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर पुलिस ने पांच महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 22 किलो गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़ी बताई जा रही 3 लाख 54 हजार 200 रुपये की नकदी भी बरामद की है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत की गई। कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रामनगर और आसपास के इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक मोहल्ला गूलरघट्टी निवासी कामेश त्यागी के पास से चार किलो गांजा बरामद हुआ। रेलवे पड़ाव निवासी सागर के कब्जे से चार नशीले इंजेक्शन और सिरिंज मिलीं। वहीं नागा बाबा मंदिर रोड निवासी इमरान के पास से नशीले इंजेक्शन की 10 शीशियां और 22 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
इसके अलावा ग्राम थारी निवासी पैसों कौर के पास से दो किलो गांजा मिला। इसी गांव की सीमा कौर और प्रकाश कौर के कब्जे से कुल 16 किलो गांजा बरामद किया गया। ग्राम हल्दुआ निवासी मनप्रीत कौर के पास से 12 ग्राम स्मैक और 3 लाख 35 हजार रुपये की नकदी मिली। इसी गांव की राधा के कब्जे से दो ग्राम स्मैक और 19 हजार 200 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।





