
Yamunotri Highway | Uttarkashi News | Char Dham Yatra: लगातार सात दिनों तक चले मरम्मत कार्य के बाद स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन से क्षतिग्रस्त यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-134) को दोबारा वाहनों के लिए खोल दिया गया है। हाईवे शुरू होने के साथ ही यमुनोत्री धाम की यात्रा फिर से सामान्य होने लगी है। इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों, व्यापारियों, टैक्सी चालकों और होटल व्यवसायियों को बड़ी राहत मिली है।
कुछ दिन पहले हुई भारी बारिश के कारण स्यानाचट्टी के पास पहाड़ी से भारी मलबा और तेज बहाव आने से राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क बंद होने से यमुनोत्री धाम का संपर्क टूट गया था और हजारों यात्री प्रभावित हुए थे।
मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीमों ने लगातार दिन-रात काम किया। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया…क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की गई और सड़क को सुरक्षित बनाया गया। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया गया।
इसी दौरान यमुना नदी पर लगभग 1.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 45 मीटर लंबे बेली ब्रिज का भी उद्घाटन किया गया। यह पुल भविष्य में बरसात…और आपदा के समय वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में काम करेगा और राहत एवं बचाव कार्यों में भी मददगार साबित होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। बारिश के मौसम को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर मशीनें और कर्मचारी तैनात किए गए हैं…ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।






