Tehri News

पहाड़ के लाल रोहित भट्ट ने रचा इतिहास, तीन दिन में फतह किया माउंट किलिमंजारो 

Ad

टिहरी गढ़वाल: पहाड़ के एक और लाल ने अपने सपने को साकार करने के साथ साथ पूरे देश को गर्व की अनुभूति कराई है। गणतंत्र दिवस के कुछ ही दिनों बाद अफ्रीकी महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी तंजानिया (Tanzania) स्थित माउंट किलिमंजारो पर भारतीय तिरंगा फहराया गया है, जिसका श्रेय टिहरी के पर्वतारोही रोहित भट्ट को जाता है। रोहित ने तीन दिन में कारनामा कर इतिहास रचा है।

ADVERTISEMENTS Ad

बता दें कि टिहरी के रहने वाले पर्वतारोही रोहित भट्ट ने 5895 मीटर पर स्थित अफ्रीकी देश तंजानिया की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो को केवल तीन दिन में फतेह करते हुए रिकॉर्ड बना लिया है। आमतौर पर इस पर्वत का आरोहण करने के लिए 6 दिन का समय लगता है लेकिन रोहित ने इस कार्य को 3 दिन में पूरा किया।

गौरतलब है कि रोहित 23 जनवरी 2023 को भारत से तंजानिया के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने 25 जनवरी की सुबह तंजानिया के किलिमंजारो पार्क से यात्रा शुरू की और अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी पर 28 जनवरी, 2023 को सुबह 6 बजे 361 फीट का भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।

रोहित भट्ट बीती 4 अक्टूबर 2022 को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के एडवांस प्रशिक्षण के दौरान द्रोपदी का डांडा में दुर्घटना में बाल-बाल बचे थे। इस दुर्घटना में उनके साथियों की मौत हुई थी, जिन्हें रोहित ने श्रद्धांजलि भी दी है। रोहित का हमेशा से सपना था कि वह विश्व रिकॉर्ड और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराएं और अब रोहित ने लक्ष्य को पूरा किया है। रोहित की इस उपलब्धि से उनके परिवार और गांव में खुशी और जश्न का माहौल है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top