Haridwar News

उत्तराखंड में बारिश से हालात बिगड़े, हरिद्वार में जलभराव, बस और वाहन फंसे

Ad

HaridwarRain | UttarakhandWeather |HeavyRain : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर हरिद्वार में साफ देखने को मिला। गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया…जिससे लोगों की दिनचर्या और यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। कई प्रमुख चौराहों और सड़कों पर पानी भरने से वाहन फंस गए और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

ADVERTISEMENTS Ad

भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक और सिटी अस्पताल के आसपास सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक निजी बस भी पानी में फंस गई…जबकि एक कार को लोगों ने धक्का लगाकर बाहर निकाला। कई दोपहिया वाहन भी पानी में बंद हो गए।

बारिश का असर बाजारों पर भी पड़ा। कनखल के लाटोवाली क्षेत्र और ज्वालापुर बाजार में सड़कों पर पानी भर गया। कई दुकानों में बारिश का पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान की आशंका है। घरों और दुकानों के बाहर खड़े वाहन भी पानी में आधे डूबे दिखाई दिए।

मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है। नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से पानी निकासी का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वही हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर गैंडीखाता क्षेत्र में एक पुलिया का हिस्सा धंस गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही उत्तराखंड रोडवेज की बस पुलिया में फंस गई। चालक की सतर्कता से बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में बस के टायर क्षतिग्रस्त हो गए…लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे। फिलहाल मार्ग के आधे हिस्से से यातायात संचालित किया जा रहा है और मौसम सामान्य होने के बाद पुलिया की मरम्मत शुरू की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top