Nainital-Haldwani News

धूप के साथ गिरने लगी बर्फ, नैनीताल और मुक्तेश्वर का ये नज़ारा देख लोग भी हुए हैरान

Uttrakhand weather report:- साल 2024 में फरवरी माह की शुरुआत जहां कड़ाके की ठंड के साथ हुई थी, वहीं यह महीना अब गर्मी के साथ विदाई लेने के लिए तैयार है। लेकिन इस बीच मौसम ने कई बार हेरा फेरी करते हुए अपने अलग-अलग रूप दिखाएं हैं। बीते गुरुवार मौसम का एक ऐसा ही अजीबो- गरीब रूप, लोगों को देखने को मिला। नैनीताल और मुक्तेश्वर में अचानक गिरने लगी बर्फ की फाहें देखकर लोग हैरान हो उठे। दरअसल, सरोवर नगरी नैनीताल और मुक्तेश्वर में गुरुवार को धूप के साथ कुछ देर तक बर्फ की फाहें गिरने लगी। मौसम का यह नजारा देख लोग हैरान हो उठे। ऐसा मौसम शायद ही कभी किसी को देखने को मिला हो जब धूप के साथ बर्फ गिरने लगे।

बताते चलें कि बीते कुछ दिनों से नैनीताल में धूप और बादलों की आंख मिचौली देखने को मिल रही थी। गुरुवार को भी दिन तक बादल और धूप का यह खेल जारी रहा, लेकिन दोपहर 2:30 बजे बाद धूप के साथ ही आसमान से बर्फ की फाहें गिरनी शुरू हो गई। लगभग 10 मिनट तक आसमान में ये नजारा देखने को मिलता रहा इस दौरान आसमान में बादल भी छाए रहे।

ऐसा ही कुछ हाल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र में भी देखने को मिला। भवाली प्रतिनिधि के अनुसार इस सीजन रामगढ़ मुक्तेश्वर में बिल्कुल भी बर्फ नहीं गिरी और वर्षा भी नाम मात्र हुई थी। जहां सर्दी का पूरा सीजन बर्फ के इंतजार में गुजर गया, वहीं गुरुवार को दोपहर के वक्त मुक्तेश्वर में अचानक बर्फ की फाहें गिरने लगी। यह देख कारोबारियों के चेहरे खिल उठे लेकिन कुछ मिनट बाद बर्फबारी रुक गई और यहां धूप निकल आई।

बताते चलें कि फरवरी माह की समाप्ति के साथ उत्तराखंड राज्य में ठंड भी धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही है। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिस कारण दिन के समय गर्मी का एहसास हो रहा है। लेकिन पहाड़ों से आ रही लगातार ठंडी हवा के कारण, रात के तापमान में 17 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर होने की वजह से रात में हल्की ठंड का एहसास बना हुआ है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार क्षेत्र में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं आने वाले दिन में तापमान का स्तर ऐसा ही रहने का अनुमान जताया जा रहा है। बताते चलें कि पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा, जबकि शनिवार से सोमवार तक पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा और हिमपात होने की संभावनाएं जताई गई है।

To Top