
KargilVijayDiwas | IndianArmy | Almora | Hari Bahadur Ghale : कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक हरी बहादुर घले की शहादत आज भी उनके परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है। पिता के बलिदान के समय उनका बेटा कृष्णा केवल छह साल का था…लेकिन पिता की वीरता की कहानियां सुनते-सुनते उसके मन में भी देश सेवा का जज्बा जागा। आज वही बेटा भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहा है।
पिता की शहादत बनी बेटे की प्रेरणा
मूल रूप से नेपाल निवासी और बाद में अल्मोड़ा के दुगालखोला में रहने वाले नायक हरी बहादुर घले ने कारगिल युद्ध के दौरान 6 जुलाई 1999 को देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की थी। उनके परिवार का कहना है कि हरी बहादुर हमेशा देश को सबसे ऊपर रखते थे। शहादत के बाद परिवार ने कठिन दौर देखा…लेकिन कभी हिम्मत नहीं हारी।
अब बेटा भी निभा रहा देश सेवा का दायित्व
हरी बहादुर घले के पुत्र कृष्णा ने बचपन में ही तय कर लिया था कि वह भी अपने पिता की तरह देश की सेवा करेंगे। वर्ष 2014 में वह कुमाऊं रेजीमेंट में भर्ती हुए और वर्तमान में मेघालय में तैनात होकर देश की रक्षा कर रहे हैं। कृष्णा का कहना है कि सेना की वर्दी उनके लिए केवल नौकरी नहीं….बल्कि पिता के बलिदान और सपनों का सम्मान है।
वीरांगना मां ने संभाली परिवार की जिम्मेदारी
शहीद की पत्नी सरस्वती माया घले ने कहा कि पति की शहादत के समय उनके तीनों बच्चे छोटे थे। बेटा केवल छह साल का था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने बच्चों का पालन-पोषण किया और उनमें देशभक्ति की भावना जगाई। आज उनका बेटा भारतीय सेना में सेवा देकर पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहा है।
एक और बलिदानी परिवार की अधूरी मांग
कारगिल युद्ध में शहीद हुए अल्मोड़ा के लांस नायक हरीश सिंह देवड़ी के परिवार ने भी अपनी पीड़ा साझा की। उनकी पत्नी सावित्री देवड़ी ने कहा कि शहीद के गांव तक सड़क बनाने का वादा आज तक पूरा नहीं हो सका। करीब तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण अभी भी बाकी है।
आज मनाया जाएगा शौर्य दिवस
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के अनुसार कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अल्मोड़ा में शौर्य दिवस मनाया जाएगा। छावनी क्षेत्र स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल के वीर जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और आम नागरिकों को भी शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।






