
PushkarSinghDhami | SomnathYatra | SpecialTrain | Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए इसे आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ी विशेष यात्रा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छह दिन की इस यात्रा में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से करीब 700 श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज के प्रतिनिधि और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश की प्राचीन आस्था, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। यह यात्रा श्रद्धालुओं को देश की समृद्ध परंपराओं और सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी देवभूमि की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा का संदेश भी देशभर में पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल दर्शन तक सीमित नहीं है…बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का भी प्रतिनिधित्व करती है।
कार्यक्रम में विधायक बृज भूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






