Sports News

भारत-श्रीलंका के बीच होने वाले मुकाबले की इनसाइड स्टोरी! आखिर क्यों खास है वानखेड़े स्टेडियम?

Rohit sharma and Misal mendis before game

India Vs Srilanka Cricket Match: Inside Story World Cup: भारत विश्व कप में अपना सातवां मुकाबला श्रीलंका से वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगा। 2011 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत कल दोपहर 2:00 बजे से श्रीलंका का सामना करेगा। साल 2011 में इसी वानखेड़े स्टेडियम में महेंद्र सिंह धोनी ने छक्का जड़कर भारत को 28 साल बाद विश्व विजेता बनाया था। उस दिन भी भारत के सामने श्रीलंका की टीम थी।

आपको बता दें की 11 साल पहले जो श्रीलंकाई टीम भारत को फाइनल में टक्कर देने के लिए मैदान पर उतरी थी, वही टीम 2023 में अफगानिस्तान से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी है। इस विश्व कप में श्रीलंका 6 मैच खेलकर सिर्फ 2 जीत सका है और उसका नेट रन रेट -0.275 है। जबकि भारत 6 में 6 जीत चुका है, उसका नेट रनरेट +1.405 है।

वो तीन खिलाड़ी जो 2011 और 2023 दोनों में थे मौजूद

विराट कोहली, आर. अश्विन और एंजलो मैथ्यूज 3 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो 2011 फाइनल के बाद इस मैच का भी हिस्सा बनेंगे। इन तीनों खिलाड़ियों के लिए कल का मुकाबला बेहद खास रहेगा। 2011 में भारत ने बाजी मारी थी इसी का बदला लेने मैथ्यूज मैदान पर जरूर उतरेंगे।

आंकड़ों में कौन है ज्यादा दमदार

भारत और श्रीलंका का वनडे फॉर्मेट में अब तक कुल 167 मैच में आमना-सामना हुआ है। इस दौरान भारत ने 98 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका 57 मौकों पर विजयी रहा है। दोनों टीमों के बीच 11 मैच बिना नतीजे के खत्म हुए और 1 मैच टाई रहा।

भारत और श्रीलंका की टीम वनडे विश्व कप में अब तक कुल 9 बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरी हैं। इसमें से 4 में जीत टीम इंडिया के हाथ लगी है, तो इतने ही मैच में श्रीलंका ने मैदान मारा है। वहीं, 1 मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका है। यानी विश्व कप के हेड टू हेड आंकड़े साफतौर पर कहानी बयां कर रहे हैं कि श्रीलंका भारतीय टीम के लिए हर बार वर्ल्ड कप में चुनौती पेश करती है। वानखेड़े स्टेडियम की पिच अपनी समान उछाल और गति के कारण बल्लेबाजों को मदद करती है। यही कारण है कि इस पिच को बल्लेबाजों का स्वर्ग माना जाता है। यहां खूब चौके-छक्के देखने को मिलते हैं। गेंदबाजों को यहां विकेट निकालने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

To Top