Sports News

एशिया कप:सिराज ने श्रीलंका में रचा इतिहास, जीत के बाद ग्राउंड स्टाफ को सौंपे 5 हजार डॉलर

नई दिल्ली: भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से हराकर आठवी बार एशिया कप का खिताब जीता है। भारतीय गेंदबाजों ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को केवल 50 रन पर ऑल आउट कर दिया। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट झटके। इसके अलावा हार्दिक पांड्या 3 और जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट अपने नाम किया। मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी के बल पर भारत ने फाइनल में कई कीर्तिमान स्थापित किए। सिराज ने 7 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और उन्होंने अपनी इस राशि को ग्राउंड स्टाफ को डोनेट कर दी। उन्होंने मुकाबले के बाद कहा कि ग्राउंड स्टाफ की मेहनत के वजह से ये टूर्नामेंट हुआ है। बता दें कि सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्राइज के रूप में 5 हजार डॉलर (करीब 4 लाख रुपये) मिले थे।

भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंका के बल्लेबाजों की एक ना चली। श्रीलंका के 9 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। सिर्फ कुसल मेंडिस 17 और दुशन हेमंथा 13 ही दहाई का आंकड़े को छू सके। वहीं पथुम निसांका 02, कुसल परेरा 00, सदीरा समराविक्रमा 00, चरिथ असालंका 00, धनंजय डी सिल्वा 04, दसुन शनाका 00, दुनिथ वेल्लालागे 08 और प्रमोद मधुशन 01 रन पर आउट हुए। श्रीलंका की टीम सिर्फ 15.2 ओवर में 50 रनों पर ढेर हो गई।

श्रीलंका ने भारत को 51 रन का लक्ष्य दिया था। भारतीय टीम ने इस मामूली से लक्ष्य को सिर्फ 37 गेंदों में ही बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। शुभमन गिल 19 गेंदों में 27 और ईशान किशन 18 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। गिल ने 6 चौके लगाए तो ईशान ने तीन चौके जड़े। 

एशिया कप 2023 के फाइनल को जीत भारत ने नया इतिहास स्थापित किया है। भारतीय टीम ने अपने वनडे क्रिकेट इतिहास की गेंदें शेष रहने के मामले में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। टीम इंडिया ने 263 गेंदों पहले यह मैच जीत लिया। इससे पहले साल 2001 में भारतीय टीम की वनडे में सर्वाधिक गेंदें शेष रहते हुए जीत आई थी। केन्या के खिलाफ मैच में टीम ने ब्लोंमफोंटेन के मैदान पर 231 गेंदों पहले मुकाबला अपने नाम किया था।

To Top