Sports News

अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में उत्तराखंड की लगातार तीसरी हार, खराब बल्लेबाजी बनी सिर दर्द

Ad

हल्द्वानी: वीनू मांकड ट्रॉफी में उत्तराखंड क्रिकेट टीम जीत के लिए तरस गई है। पंजाब के खिलाफ तीसरे मुकाबले में उत्तराखंड को 25 रनों से हार का सामना करना पड़ा। एक बार फिर उत्तराखंड के लिए बल्लेबाजी हार का कारण बनी क्योंकि पंजाब ने केवल 192 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में उत्तराखंड की टीम 166 रनों पर ढेर हो गई। अच्छी शुरुआत के बाद भी उत्तराखंड का मिडिल ऑर्डर लक्ष्य हासिल नहीं कर सका।

ADVERTISEMENTS Ad

इसके साथ ही उत्तराखंड अब नॉकआउट में जगह बनाने से भी बाहर हो गया है। पंजाब के खिलाफ बल्लेबाजी में उत्तराखंड की ओर से आरव महाजन ने 32, विदित जोशी ने 30, मोहम्मद हारून ने 22 और आरूष मेलकानी ने नाबाद 32 रनों का योगदान दिया। वहीं गेंदबाजी में शाश्वत को 5 और सत्यम को दो विकेट हासिल हुए। खराब बल्लेबाजी इन दोनों ही गेंदबाजों की मेहनत पर पानी फिर गई। इससे पहले दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड को केरल ने 6 विकेट से हराया था। इस मुकाबले में उत्तराखंड की टीम 133 रन पर ऑल आउट हो गई थी। केवल चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाए थे।

बता दें कि उत्तराखंड ने अपने सीजन की शुरूआत हरियाणा के खिलाफ की थी जिसमें उसे 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। टीम मैनेजमेंट के लिए वनडे टूर्नामेंट में खराब बल्लेबाजी सिर दर्द का विषय बन गया है। आने वाले टूर्नामेंट में टीम में बड़े बदलाव हो सकते हैं। वहीं वनडे टूर्नामेंट में जिन खिलाड़ियों को मौका नही मिला है उन्हें भी आजमाया जा सकता है। बात कूच बिहार ट्रॉफी की करें तो इस तरह की बल्लेबाजी शायद ही टीम को वो रुतबा दे पाए जो उसने साल 2019 में हासिल किया था। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। देखना दिलचस्प होगा कि चयनकर्ता कूच बिहार ट्रॉफी में बदलाव करते हैं या नहीं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top