
Pithoragarh Fire | SSB Camp | Dharchula News : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में नेपाल सीमा से सटे गर्ब्यांग में SSB कैंप की एक बैरक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि बैरक में मौजूद करीब 60 जवानों को तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी जवान के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे धारचूला की व्यास घाटी में हुई। यहां 11वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) का कैंप है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले क्षेत्र में बर्फबारी हुई थी। इसके बाद रात के समय तापमान माइनस तक पहुंच रहा था। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए बैरक में डीजल से चलने वाली बुखारी का इस्तेमाल किया जा रहा था।
बुखारी में धमाके के बाद फैली आग
बताया जा रहा है कि बुखारी में अचानक तेज धमाका हुआ। इसके बाद बैरक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बैरक को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं…जिससे सीमा क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बैरक के अंदर मौजूद जवानों ने बिना देर किए बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। करीब 60 जवानों के समय रहते बाहर आने से बड़ी जनहानि टल गई।
ITBP जवान और ग्रामीण भी पहुंचे
आग की सूचना मिलते ही SSB कैंप में आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की लपटें देखकर पास में तैनात ITBP के जवान और स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
कड़ी मशक्कत के बाद आग को दूसरी बैरकों तक पहुंचने से रोक लिया गया और आग पूरी तरह बुझा दी गई। हालांकि इस घटना में बैरक में रखा जवानों का राशन, कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
सभी 60 जवान सुरक्षित
घटना में किसी जवान के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी 60 जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं। फिलहाल कैंप में स्थिति सामान्य है…और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने 11वीं वाहिनी SSB डीडीहाट के कमांडेंट के हवाले से घटना की पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी में बुखारी फटने को आग लगने की वजह बताया गया है। प्रशासन और सुरक्षा बल घटना से जुड़े नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहे हैं।




