Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी: पिता की तरह सुनीता खड़ायत भी पहनेंगी वर्दी, नौसेना में बनीं सब लेफ्टिनेंट

Haldwani Success Story: Sunita Khadayat Indian Navy: Indian Navy Sub-Lieutenant from Haldwani:

उत्तराखंड का युवा अपने आत्मविश्वास और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से आज राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर उन उपलब्धियों को प्राप्त करने में सक्षम है जो कइयों के लिए प्रेरणा और कइयों के लिए नामुमकिन होती हैं। देवभूमि के हर दूसरे घर में एक व्यक्ति सेना में होता ही है और सैनिकों के लिए आदर-सम्मान पहले-दूसरे व्यक्ति के साथ-साथ सभी के दिल में होता है। भारतीय सेना में भारत माता की रक्षा के लिए उत्तराखंड के बेटे और बेटियां हर सरहद पर कंधे से कंधा मिलकर खड़े हैं। आज हम आपको हल्द्वानी की ऐसी ही एक और बेटी की उपलब्धि के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने भारतीय नौसेना में ‘सब लेफ्टिनेंट’ का पद अपनी मेहनत से प्राप्त कर लिया है।

हम बात कर रहे हैं जिला नैनीताल शहर हल्द्वानी, शिव दुर्गा विहार फुलचौड़ क्षेत्र की रहने वाली सुनीता खड़ायत की। मूल रूप से रानीखेत अल्मोड़ा की सुनीता ने 27 मार्च को आईएनएस वालसुरा, गुजरात में ट्रेनिंग पूरी कर भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट के रूप में शपथ ग्रहण की। सुनीता को रक्षा क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने की प्रेरणा खुद अपने पिता राजेंद्र सिंह खड़ायत से मिली जो भारतीय सेना में सूबेदार पद पर कार्यरत हैं। अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल और कान्वेंट स्कूल से हासिल करने वाली सुनीता ने आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली से अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त की। स्कूल पूरा करने के बाद उन्होंने देहरादून से कंप्यूटर साइंस में B.Tech किया है।

अपनी एकाग्रता और जज्बे के मिले-जुले व्यवहार से बचपन से अपने परिवार का विश्वास बनी सुनीता ने आखिर यह उपलब्धि हासिल कर इसका सारा श्रेय अपने माता-पिता को दिया। बिना माता-पिता के समर्थन और धैर्य के किसी भी बच्चे को कोई भी उपलब्धि प्राप्त करने से पहले 100 चुनौतियों को पार करने की चुनौती स्वीकार करनी पड़ती है। इससे उसके आत्मविश्वास में कमी ही नहीं बल्कि सफलता मिलने में देरी भी आती है। सुनीता के माता-पिता ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि को बड़े हर्षोल्लास से मनाकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। साथ ही क्षेत्र के सभी प्रबुद्धजनों से मिल रही शुभकामनाओं हेतु धन्यवाद भी किया है।

To Top