Tehri News

उत्तराखंड में यहाँ रेलिंग गिरने से बड़ा हादसा, बाजार में हड़कंप

Ad

Uttarakhand: Tehri: टिहरी जिले के चमियाला नगर पंचायत बाजार में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाजार में स्थित एक दुकान की पुरानी रेलिंग अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा करीब शाम 5:30 बजे के आसपास हुआ, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ADVERTISEMENTS Ad

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलिंग के साथ गिरी ईंट और अन्य सामग्री नीचे खड़े 48 वर्षीय पूरब सिंह पुत्र हुकम सिंह, निवासी ग्राम कोठगा केमर के सिर पर आ गिरी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्थानीय लोग उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना में नीचे खड़ी दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से नाराजगी जताते हुए कहा कि बाजार में कई पुराने भवन और ढांचें काफी जर्जर हालत में हैं। यदि समय रहते उनकी जांच और मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से तुरंत पुराने मकानों और दुकानों की तकनीकी जांच करवाने की मांग की है, ताकि जनहानि से बचा जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top