Uttarakhand News

उत्तराखंड में फिर गिरा तापमान, बारिश के बाद कम होगा कोहरा

Ad

Uttarakhand weather update:- उत्तराखंड में शीतलहर के बढ़ते प्रभाव के कारण, हवा का मिजाज़ और भी सर्द हो गया है। शुक्रवार को उत्तराखंड के दूसरे बड़े शहर हल्द्वानी में ठंड का काफ़ी असर देखने को मिला। शुक्रवार की सुबह, शहर जहां घने कोहरे की चपेट में रहा तो वहीं, मौसम में बढ़ी ठिठुरन के कारण लोग परेशान नजर आए। दोपहर में खिली हल्की धूप भी ठंड के आगे फीकी नजर आई। सुबह से लेकर शाम तक शहर में ठंडी हवाओं का चलन जारी रहा। ऐसे में तापमान में काफ़ी गिरावट भी दर्ज की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार की अपेक्षा दिन के पारे में एक डिग्री और रात के पारे में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है।

जीबी पंत कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉक्टर आर.के. सिंह ने बताया कि, तराई भाभर क्षेत्र में शुक्रवार को पश्चिमी हवाओं का प्रभाव देखने को मिला। यह हवाएं करीब 2.5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही थी। डॉक्टर सिंह ने बताया कि आने वाले 8 जनवरी तक ठिठुरन और कोहरे का प्रभाव देखने को मिलता रहेगा। साथ ही प्रदेश में 9 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है। इधर शहर में घने कोहरे के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि वैज्ञानिकों का मानना है कि वर्षा होने से कोहरे का असर कम हो सकता है।

प्रदेश के तराई भाभर क्षेत्र जहां कोहरे की चपेट में नज़र आए, वहीं पहाड़ों पर चटक धूप देखने को मिली। सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार को चटक धूप के चलते मौसम सुहावना बना रहा और पूरे दिन धूप खिली रही। हालांकि शाम को पाला गिरने से ठंड में बढ़ोतरी नजर आई। ऐसे में लोगों को आग और हीटर का सहारा लेना पड़ा। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नगर का अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, वहीं आर्द्रता अधिकतम 80% व न्यूनतम 40% रही।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top