Haridwar News

मायके जा रही पत्नी का बीच रास्ते पति से हुआ विवाद, गोद में मासूम बेटी को लेकर गंगनहर में कूद गई

Ad

Haridwar | Gang Canal | SDRF : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंग नहर में कूद गई। दोनों के पानी में बह जाने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने तलाश अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस के अनुसार कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सविता और दो बच्चों के साथ बाइक से रायपुर दरेड़ा स्थित ससुराल जा रहे थे। उनके साथ चार वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी भी थी।

रास्ते में दौलतपुर स्थित डीपीएस कॉलेज के पास किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सविता ने बाइक रुकवाई और अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंग नहर में छलांग लगा दी। इससे पहले कि कोई उन्हें बचा पाता…दोनों गहरे पानी में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और गोताखोर महिला व बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।

घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। महिला का चार वर्षीय बेटा सुरक्षित है…जबकि पति और परिजन मौके पर मौजूद हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।

बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। महिला और उसकी बेटी की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top