Udham Singh Nagar News

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की छात्रा और आईटीबीपी की जवान ने माउंट एवरेस्ट को किया फतेह

Ad

Uttarakhand: Tila Sen: Mount Everest: उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और साहस का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र की बेटी तिला सेन ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर पूरे उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की पहली सर्व महिला पर्वतारोही टीम का हिस्सा बनकर तिला सेन ने 8,848 मीटर ऊंची एवरेस्ट चोटी पर तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया।

खटीमा क्षेत्र के चारूबेटा गांव निवासी तिला सेन ने कठिन मौसम, बर्फीले तूफानों और दुर्गम रास्तों का सामना करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। साधारण परिवार से आने वाली तिला की सफलता आज पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी इस उपलब्धि से खटीमा सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।

तिला सेन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चारूबेटा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज नैनीताल और उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। वर्ष 2021 में एसएससी जीडी के माध्यम से उनका चयन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में हुआ। वर्तमान में वह आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी लोहाघाट, चम्पावत में तैनात हैं।

आईटीबीपी की पहली सर्व महिला एवरेस्ट अभियान टीम में शामिल तिला सेन ने नेपाल के साउथ कोल रूट से एवरेस्ट अभियान पूरा किया। 19 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुए इस विशेष अभियान में कुल 14 सदस्य शामिल थे, जिनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं। तमाम कठिनाइयों को पार करते हुए टीम ने 21 मई 2026 को सुबह 6 बजकर 52 मिनट पर एवरेस्ट शिखर पर पहुंचकर तिरंगा फहराया।

तिला सेन के परिवार में पांच बहनें और दो भाई हैं। उनकी एक बड़ी बहन सहायक अभियोजन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। तिला की इस ऐतिहासिक सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और हौसले के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top