
Uttarakhand News: BJP: Nitin Nabin: Tirath Singh Rawat: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए गए हैं। नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं के साथ अनुभवी और नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रावत के साथ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और राम माधव को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए अन्य नेताओं में बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती प्रवीन पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य और एम. नागराज समेत अन्य नेता शामिल हैं। पार्टी की नई टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
तीरथ सिंह रावत को संगठन में अहम भूमिका
तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह 2021 में राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। इसके अलावा वह 2019 के लोकसभा चुनाव में गढ़वाल सीट से सांसद भी निर्वाचित हुए थे। अब बीजेपी के केंद्रीय संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड की राजनीति में भी इसे महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है।
स्मृति ईरानी समेत 8 नेताओं को महामंत्री की जिम्मेदारी
बीजेपी की नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब समेत 8 नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। विनोद तावड़े, सुनील बंसल, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है।
बीजेपी की यह नई टीम ऐसे समय में सामने आई है जब पार्टी आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। नई नियुक्तियों में क्षेत्रीय संतुलन, अनुभव और नए नेतृत्व के मिश्रण पर जोर दिखाई देता है।






