
Tirath Singh Rawat | BJP National Team | Nitin Nabin : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए हैं। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी इस टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
तीरथ सिंह रावत के साथ राम माधव और वसुंधरा राजे को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य और एम. नागराज समेत अन्य नेताओं को भी राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत को मिली जगह
तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ-साथ सांसद, विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड भाजपा में भी इसे महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है।
कौन हैं तीरथ सिंह रावत?
तीरथ सिंह रावत का जन्म 1 अप्रैल 1964 को पौड़ी गढ़वाल के सीरों गांव में हुआ था। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे।
वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे और वर्ष 2000 में नवगठित उत्तराखंड के पहले शिक्षा मंत्री बने।
वर्ष 2007 में उन्हें भाजपा उत्तराखंड का प्रदेश महामंत्री बनाया गया। इसके बाद 2012 में चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। वर्ष 2013 में वह उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी बने।
तीरथ सिंह रावत वर्ष 2019 में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। बाद में त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इससे उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।






