
Almora News | NH109 Traffic | Kwarab Road : राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर स्थित क्वारब डेंजर जोन से करीब 48 दिनों बाद बुधवार को फिर से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर नियंत्रित तरीके से यातायात शुरू कराया। क्वारब के दोनों ओर पुलिस बल तैनात किया गया…ताकि वाहनों का संचालन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से हो सके।
दरअसल क्वारब क्षेत्र में पहाड़ी के लगातार दरकने और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 29 मई से इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी थी। इसके बाद वाहनों को डोबा-चौसली वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा था।
हालांकि करीब पांच किलोमीटर लंबे इस वैकल्पिक मार्ग पर डेढ़ किलोमीटर हिस्से में डामरीकरण किया जा चुका है, जबकि शेष हिस्से में अभी भी काम जारी है। हाल के दिनों में लगातार बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ…जिससे सड़क बार-बार बंद होती रही और यात्रियों को लंबा इंतजार व जाम का सामना करना पड़ा।
बार-बार बाधित हो रहे यातायात को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग को अगले चार दिनों के लिए बंद कर उसके सुधार का काम शुरू कर दिया है। इसी वजह से बुधवार को सभी वाहनों को क्वारब डेंजर जोन से होकर निकाला गया। हालांकि इस दौरान सड़क पर उड़ रही धूल से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और वाहनों को बारी-बारी से आगे बढ़ाया गया।
लोक निर्माण विभाग ने कहा कि डोबा-चौसली मार्ग पर सुधार कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। लोडर मशीनों की मदद से सड़क पर आए मलबे को हटाने और अन्य जरूरी मरम्मत का काम चल रहा है। विभाग का कहना है कि काम पूरा होते ही वैकल्पिक मार्ग पर भी यातायात सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।






