Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पिता को बचाने पहुंची बेटी भी करंट की चपेट में आई, दोनों की मौत !

Ad

Haldwani News | Electric Shock | Uttarakhand News : हल्द्वानी शहर में करंट लगने से एक पिता और उसकी 12 वर्षीय बेटी की मौत का मामला सामने आया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय नदीम सलमानी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा के रूप में हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार बीती देर शाम नदीम सलमानी अपने घर की छत पर एसी की आउटडोर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान घर के पास लगे बिजली के पोल से करंट आने की आशंका जताई जा रही है। करंट की चपेट में आने के बाद नदीम को देखकर उनकी बेटी अलिशबा भी छत पर पहुंची और पिता को बचाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार में पिता और बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि बिजली के पोल से करंट आने की समस्या को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी…लेकिन इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। हालांकि पोल से करंट आने को हादसे का कारण अभी आधिकारिक रूप से साबित नहीं किया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि पिता-पुत्री को करंट लगने के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया था…जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

पिता और बेटी की एक साथ हुई मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग हादसे की जांच और बिजली व्यवस्था में लापरवाही की स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top