Nainital-Haldwani News

दुखद: नैनीताल और भीमताल में झील में एक-एक शव मिलने से हड़कंप

नैनीताल: सप्ताह की शुरुआत ही नकारात्मक खबर के साथ हो, ये कोई नहीं चाहता। लेकिन वर्तमान स्थिति ही कुछ ऐसी है कि आए दिन अपराधों या मौतों की घटना के बिना दिन पूरा नहीं होता। अब सोमवार को सुबह के वक्त ही नैनी झील से एक शव बरामद हुआ है। मौके पर आई पुलिस ने शव को झील से निकालकर मोर्चरी में रखवा दिया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे मॉल रोड में चन्नी राजा होटल के पास कुछ नाव चालकों ने झील में एक शव देखा तो उन्होंने फौरन पुलिस को बुलाया। नाव चालकों की मदद से पुलिस ने शव बाहर निकाला और चिकित्सकों की पुष्टि के बाद मोर्चरी में रखवा कर लोगों से पूछताछ शुरू की। शव की पहचान नैनीताल कैंट क्षेत्र निवासी विकास कुमार पुत्र सुरेश के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि व्यक्ति तल्लीताल क्षेत्र स्थित एक होटल में कार्य करता था। एसएसआई दीपक बिष्ट ने जानकारी दी और बताया कि लोगों से पूछताछ के आधार पर शव की शिनाख्त की गई। परिजनों को बता दिया गया है। शव अधिक पुराना प्रतीत नहीं हो रहा है। अभी तक मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट कारणों का पता लग पाएगा।

वहीं, जिले में एक नहीं दूसरी जगह भी ऐसी ही घटना देखने को मिली है। नैनीताल के अलावा भीमताल झील में भी सोमवार सुबह एक शव मिला है। सोमवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव भीमेश्वर मंदिर के पास भीमताल झील में तैरता हुआ दिखाई दिया। युवक के शव की पहचान नहीं हो पाई है।मौके पर पुलिस पहुंच गई है।

To Top