Nainital-Haldwani News

भारत का ऑपरेशन गंगा जारी, नैनीताल की दो बेटियां यूक्रेन से सकुशल वतन लौटीं

भारत का ऑपरेशन गंगा जारी, नैनीताल की दो बेटियां यूक्रेन से सकुशल वतन लौटीं

हल्द्वानी: इस वक्त दुनियाभर की नजरें यूक्रेन पर जमी हुई हैं। रूस और यूक्रेन में युद्ध के बीच भारत की टेंशन ये है कि यहां के कई नागरिक वहां फंसे हुए हैं। हालांकि भारत सरकार ने अब काफी नागरिकों को सकुशल वतन वापस बुला लिया है। ताजा खबर ये है कि एयर इंडिया की पांचवीं फ्लाइट दिल्ली आई है। ऑपरेशन गंगा के तहत वतन लौट रहे नागरिकों की इस लिस्ट में नैनीताल की दो बेटियों का नाम भी शामिल है। पूर्व विधायक एनएस जंतवाल की बेटी सावित्री और नैनीताल की ही प्रेरणा बिष्ट भी दिल्ली पहुंच गई हैं।

बता दें कि एयर इंडिया लगातार युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीय छात्रों को वतन लेकर आने का काम कर रहा है। ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को हंगरी, रोमानिया के रास्ते लाया जा रहा है। अब एयर इंडिया की पांचवीं फ्लाइट दिल्ली पहुंची है। जिसमें नैनीताल की दो बेटियां भी मौजूद थीं। नैनीताल निवासी पूर्व विधायक नारायण जंतवाल व कुमाऊं विवि की इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो सावित्री जंतवाल की बेटी उर्वशी दिल्ली पहुंच गई है।

साथ ही नैनीताल मल्लीताल निवासी बड़ा बाजार के व्यवसायी प्रेम सिंह बिष्ट की बेटी प्रेरणा बिष्ट भी उस विमान में मौजूद थीं, जो आज सुबह दिल्ली पहुंच गया है। उर्वशी की मां सावित्री ने जानकारी दी और बताया कि बच्चे पहले खर्कीव से बस में बैठकर रोमानिया बॉर्डर पहुंचे। इसके बाद रविवार को दो घंटा पैदल चलने के बाद बॉर्डर पार किया। इस दौरान खाने का इंतजाम रोमानिया में भारतीय दूतावास द्वारा किया गया था। उन्होंने बताया कि सुबह जब उर्वशी वतन लौटी तो दिल्ली में रह रही बड़ी बहन उत्तरा उसे लेने एयरपोर्ट गई।

पूर्व विधायक जंतवाल ने बेटी के सकुशल वतन लौटने पर भारत सरकार, जिला प्रशासन व मीडिया का आभार प्रकट किया है। इसके अलावा मल्लीताल बड़ा बाजार के दुकानदार प्रेम बिष्ट की बेटी प्रेरणा भी इसी विमान में सवार होकर दिल्ली पहुंच गई हैं। बता दें कि अभी भी बिड़ला स्कूल की शिक्षिका मंजू जोशी की बेटी आयुषी अभी यूक्रेन में ही फंसी हैं। तल्लीताल के दुकानदार प्रह्लाद रावत का बेटा राहुल रावत भी फ्लाइट के इंतजार में है। उर्वशी ने बताया कि वहां फंसे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने सबके जल्द वतन लौटने की उम्मीद जताई है।

To Top