
Uttarakhand News: Jobs: UKSSSC: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह-ग की विभिन्न भर्तियों का नया परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में कुल 14 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से करीब 2390 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि अलग-अलग विभागों से प्राप्त भर्ती प्रस्तावों के आधार पर परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया गया है। यह कैलेंडर मई से लेकर दिसंबर 2026 तक होने वाली परीक्षाओं को ध्यान में रखकर जारी किया गया है।
पेपर लीक मामले के कारण निरस्त हुई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा अब 14 जून को आयोजित होगी। पहले यह परीक्षा 17 मई को प्रस्तावित थी। वहीं विशेष तकनीकी अर्हता से जुड़े 57 पदों की परीक्षा, जो पहले 3 मई को होनी थी, अब 28 जून को कराई जाएगी।
आयोग ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले महीनों में इंटरमीडिएट स्तर और स्नातक स्तर की नई भर्तियों का विज्ञापन भी जारी किया जाएगा। इससे प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।






