Dehradun News

उन्नति शर्मा ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता ब्रॉन्ज मेडल

Ad

UnnatiSharma | Judo | CWG2026 : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्तराखंड की जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीत लिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है…और खेल प्रेमी उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

महिलाओं के 63 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए उन्नति शर्मा ने दमदार मुकाबले खेले। सेमीफाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया की खिलाड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा….लेकिन उन्होंने हार से निराश होने के बजाय कांस्य पदक के मुकाबले में शानदार वापसी की।

ब्रॉन्ज मेडल मैच में उन्नति ने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को इप्पोन के जरिए हराकर जीत दर्ज की। उन्होंने यह मुकाबला महज 1 मिनट 7 सेकंड में अपने नाम कर लिया और भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया।

उन्नति शर्मा ने जूडो की शुरुआती ट्रेनिंग देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित जूडो हॉल में ली। उन्होंने राष्ट्रीय जूडो कोच सतीश शर्मा के मार्गदर्शन में वर्षों तक अभ्यास किया और राष्ट्रीय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाई।

इससे पहले भी उन्नति कई बड़ी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। सब-जूनियर राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक और ‘सर्वश्रेष्ठ जुडोका’ का सम्मान हासिल किया था। वहीं इसी वर्ष आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया था।

देहरादून की रहने वाली उन्नति शर्मा की इस सफलता को प्रदेश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनके पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और परिवार के सहयोग के साथ उनकी मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

उन्नति शर्मा की यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में वह भारत के लिए और भी बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीत सकती हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top