Dehradun News

UPL 2026 का धमाकेदार आगाज! पहले दिन देहरादून वॉरियर्स और मसूरी क्वींस की शानदार जीत

Ad

UPL 2026 | Dehradun Warriors | Mussoorie Queens : उत्तराखंड प्रीमियर लीग यानी UPL 2026 के तीसरे सीजन का आगाज हो गया है। सोमवार को देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में महिला वर्ग के दो मुकाबले खेले गए। पहले दिन देहरादून वॉरियर्स और मसूरी क्वींस ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

पहले मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स का सामना पिथौरागढ़ हरिकेन्स से हुआ। देहरादून की कप्तान श्वेता वर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पिथौरागढ़ की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी।

पिथौरागढ़ की ओर से गायत्री आर्य ने 26 रन, अंकिता शाह ने 21 रन और शगुन चौधरी ने 12 रन बनाए। देहरादून की गेंदबाज मीनाक्षी जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में सिर्फ 11 रन देकर तीन विकेट लिए। वैशाली टोलेरा को भी दो विकेट मिले।

85 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून वॉरियर्स ने 14.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंकिता बिष्ट ने नाबाद 29 रन बनाए…जबकि करीना नेगी ने 26 और कप्तान श्वेता वर्मा ने 12 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन के लिए मीनाक्षी जोशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में मसूरी क्वींस और बागेश्वर एरियल आमने-सामने थीं। बागेश्वर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 106 रन बनाए। कप्तान प्रेमा रावत ने 19 गेंदों में 36 रन की तेज पारी खेली। उनकी पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। निर्जला ने 20 रन बनाए।

मसूरी क्वींस की ओर से रोशनी दानू और आरियांशी तोमर ने दो-दो विकेट लिए। इसके बाद मसूरी क्वींस लक्ष्य का पीछा करने उतरी…लेकिन बारिश ने मुकाबले का समीकरण बदल दिया।

बारिश के कारण मैच के ओवर कम किए गए और DLS नियम के तहत मसूरी क्वींस को 11 ओवर में 62 रन का लक्ष्य मिला। टीम ने 9 ओवर में सिर्फ एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

मसूरी क्वींस की जीत में आरती भंडारी की अहम भूमिका रही। उन्होंने 41 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए। कप्तान नंदिनी कश्यप ने भी 26 रन की उपयोगी पारी खेली। आरती भंडारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मसूरी क्वींस की कप्तान नंदिनी कश्यप ने जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि बारिश के बाद पिच पर बल्लेबाजी आसान नहीं थी। टीम ने परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति बनाई और उसे मैदान पर लागू किया।

UPL 2026 का महिला वर्ग युवा और उभरती हुई खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच है। इस सीजन में चार महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top