
UTET 2026 | Teacher Exam | Uttarakhand :
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 9 अगस्त तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे।
परिषद के अनुसार पहले आवेदन की अंतिम तिथि 3 अगस्त तय की गई थी। लेकिन प्रदेश में लगातार खराब मौसम और कई क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रभावित होने के कारण अभ्यर्थियों को आवेदन करने में दिक्कतें आ रही थीं। इसे देखते हुए आवेदन की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
नई व्यवस्था के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन 9 अगस्त तक, परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 11 अगस्तऔर आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 12 अगस्त निर्धारित की गई है।
यूटीईटी परीक्षा का आयोजन 29 सितंबर को किया जाएगा। प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने के लिए यूटीईटी-प्रथम और जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक बनने के लिए यूटीईटी-द्वितीय उत्तीर्ण करना अनिवार्य है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंढियाल ने कहा कि अन्य सभी दिशा-निर्देश पहले की तरह लागू रहेंगे। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन या परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आवेदन करने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी के पास अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होना आवश्यक है। एक मोबाइल नंबर और एक ईमेल आईडी से केवल एक ही आवेदन स्वीकार किया जाएगा।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक होगी।






