
Haldwani | BlackCobra | SnakeRescue | Uttarakhand : मानसून की बारिश शुरू होते ही जहरीले सांप रिहायशी इलाकों की ओर आने लगे हैं। हल्दूचौड़ के जग्गीबंगर क्षेत्र में एक घर की पानी की टंकी से करीब 6 फीट लंबे ब्लैक कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। मकान मालिक की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार घर के मालिक दीप बमेठा रोज की तरह पानी की टंकी देखने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने टंकी खोली, अंदर एक बड़ा ब्लैक कोबरा कुंडली मारकर बैठा दिखाई दिया। उन्होंने घबराने के बजाय तुरंत टंकी बंद कर दी और परिवार के सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए कहा।
इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गौला रेंज की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने कहा कि बरसात के मौसम में बिलों और निचले इलाकों में पानी भरने से सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों, पानी की टंकियों, स्टोर रूम और अन्य जगहों तक पहुंच सकते हैं। इसलिए लोगों को सतर्क रहने और पानी की टंकियों, बाथरूम, स्टोर तथा आसपास की झाड़ियों की नियमित जांच करने की सलाह दी गई है।
गौला रेंज के रेंजर चंदन सिंह अधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में हल्दूचौड़ क्षेत्र से तीन सांपों का रेस्क्यू किया जा चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें…बल्कि तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।






