Pauri News

उत्तराखंड: यहां हाईवे पर कार पर गिरा भारी बोल्डर, एक ही परिवार के छह लोग थे सवार

Ad

Landslide | Pauri | Uttarakhand : उत्तराखंड के पौड़ी जिले में सतपुली-गुमखाल हाईवे पर गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा होने से टल गया। किर्खू पांग गांव से दिल्ली जा रही एक स्विफ्ट कार पर अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई…लेकिन उसमें सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य और चालक सुरक्षित बच गए।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार कार सतपुली से कोटद्वार की ओर जा रही थी। सतपुली मल्ली के पास अचानक पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया…जिससे कार बीच रास्ते में फंस गई। चालक वाहन को निकालने की कोशिश कर ही रहा था कि तभी ऊपर से एक बड़ा बोल्डर कार के पिछले हिस्से पर आ गिरा। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक सबर सिंह नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

कार में थलीसैंण क्षेत्र का एक परिवार सवार था…जो दिल्ली जा रहा था। सुरक्षित निकाले गए लोगों में चालक विनोद, संपत्ति देवी (68 वर्ष), दिलबर सिंह (46 वर्ष), करिश्मा नेगी (36 वर्ष), प्रशांत नेगी (13 वर्ष) और ओजस नेगी (8 वर्ष) शामिल हैं।

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने हाईवे के इस संवेदनशील हिस्से में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top