Pauri News

उत्तराखंड: हाईवे पर अचानक आ धमका हाथियों का झुंड, वाहनों पर टूट पड़े गजराज

Ad

Elephant Attack | Kotdwar | Pauri Garhwal : लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज में सोमवार सुबह हाथियों के झुंड के हाईवे पर आ जाने से अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर हाथियों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान एक टेंपो ट्रैवलर को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हाथियों की मौजूदगी के कारण करीब ढाई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब पांच बजे पीडब्ल्यूडी स्टोर के पास अचानक हाथियों का बड़ा झुंड हाईवे पर पहुंच गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टेंपो ट्रैवलर को हाथियों ने घेर लिया। वाहन में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार थे। इसमें एमडीएम से जुड़ा सामान और शिक्षकों के लंच टिफिन भी रखे थे।

हाथियों ने टेंपो ट्रैवलर को काफी नुकसान पहुंचाया और अंदर रखा सामान बिखेर दिया। शिक्षकों के पर्स में रखी नकदी भी नष्ट हो गई। अचानक हुए हमले से वाहन में सवार शिक्षक डर गए और किसी तरह वाहन से दूर हटकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सभी शिक्षक वापस अपने घर चले गए।

बताया गया कि हाथियों ने हाईवे से गुजर रहे कुछ अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। सुबह करीब पांच बजे से साढ़े सात बजे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। हाथियों के सड़क पर मौजूद होने के कारण वाहन चालक आगे बढ़ने से बचते रहे और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

कोटद्वार रेंज के रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने कहा कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि कुछ वाहन अनजाने में हाथियों के झुंड के दोनों ओर आकर खड़े हो गए थे…जिससे हाथियों के लिए निकलने का रास्ता सीमित हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

रेंजर ने कहा कि नीचे बह रही नदी में पानी का स्तर अधिक था। इसके अलावा झुंड में छोटे हाथी भी मौजूद थे। ऐसे में हाथी अधिक सतर्क और आक्रामक हो गए। वन विभाग की टीम ने काफी प्रयास के बाद हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ा…जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।

घटना के बाद एक बार फिर कोटद्वार क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन विभाग ने लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर हाथियों का झुंड दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें और उनके रास्ते को रोकने की कोशिश न करें।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top