Dehradun News

उत्तराखंड: देशभक्त फौजी Vs नेता वाले पोस्टर से मुश्किल में फंसी आम आदमी पार्टी, मुकदमा दर्ज

Ad

देहरादून: विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। राज्य में चुनावी हवा अभी से सरपट बहने लगी है। आरोप प्रत्यारोप से लेकर चुनावी वादों तक, राजनीतिक दल एक दूसरे के खिलाफ हर हथकंडे से वार करने में जुटे हुए है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश में आने के बाद से लड़ाई और दिलचस्प हो गई है। हालांकि इस बार आम आदमी पार्टी का पोस्टर दांव उल्टा पड़ गया। नेता बनाम देशभक्त फौजी वाले पोस्टर के कारण विवाद गरमा गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

दरअसल सोशल मीडिया के साथ ही जमीन स्तर पर चुनावी दल लड़ाई शुरू कर चुके हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड की गलियों में पोस्टर लगाए हैं। जिनमें लिखा है कि प्रदेश का सीएम कौन हो। पोस्टर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आम आदमी पार्टी के सीएम पद के कैंडिडेट रिटायर कर्नल अजय कोठियाल के फोटो अगल-बगल हैं, जिसमें सीएम धामी की तस्वीर के ऊपर नेता तो कर्नल कोठियाल की तस्वीर पर देशभक्त फौजी लिखा गया है।

अब इन्हीं पोस्टर के कारण आम आदमी पार्टी मुसीबतों में पड़ गई है। धामी सरकार ने कार्रवाई शुरू की है। दरअसल देहरादून में आम आदमी पार्टी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि आप ने बिजली के खंभों और शहर में लगी स्ट्रीट लाइटों पर पोस्टर लगाए हैं। जिनके चलते बिजली विभाग और नगर निगम के अधिकारियों ने थाना राजपुर, कोतवाली शहर में शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया है।

उधर शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम धामी खुद एक सैनिक के बेटे हैं। उनियाल ने कहा कि ये आम आदमी पार्टी की घिनौनी मानसिकता की सोच है। प्रवक्ता ने बताया कि पोस्टर के जरिए सीएम की छवि जनता की नजर में खराब की जा रही है, जिसके आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के सीएम पद प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल ने इसे एक राजनैतिक षड्यंत्र बताया। उन्होंने इसे बीजेपी की बौखलाहट बताया। कोठियाल ने कहा कि अभी तक बिजली के खम्बो पर पोस्टर लगाने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई। जहां तक बात रही सीएम की छवि खराब करने की वो आने वाला समय बताएगा। जनता तय करेगी कि किसकी छवि कैसी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top