Dehradun News

उत्तराखंड: पटेलनगर में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका, छात्र के घायल होने से मचा हड़कंप

Ad

Dehradun | PatelNagar | Firing : पटेलनगर के इंडस्ट्री एरिया में एक निजी संस्थान के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कार सवार युवकों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना में एक युवक के घायल होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार कुछ युवकों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार युवक कार सवारों का पीछा करते हुए सेंट ज्यूड्स चौक के पास पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान गुरमीत नाम के युवक ने फायरिंग कर दी।

फायरिंग के दौरान साहिल नाम के युवक के कंधे में गोली लग गई। घायल साहिल को इलाज के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष हरियाणा के रहने वाले हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक कार सड़क किनारे खड़ी थी। दोपहर में कुछ युवक बाइक से वहां पहुंचे। उनके पास डंडे और रॉड होने की बात सामने आई है। बाइक सवारों को नजदीक आता देख कार सवार एक युवक ने कथित तौर पर जमीन की ओर कई राउंड फायर किए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। इस दौरान बाइक सवार युवकों ने कार का पीछे का शीशा भी तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फायरिंग में शामिल युवकों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की आशंका है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top