
Fake TET Certificate | Almora | Education Department : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शिक्षा विभाग की जांच में फर्जी टीईटी (उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा) प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी पाने का मामला सामने आया है। जांच के बाद तीन सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह मामला भैसियाछाना विकासखंड के तीन सरकारी प्राथमिक विद्यालयों से जुड़ा है। इसी वर्ष सहायक अध्यापकों की भर्ती के दौरान संबंधित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गई थी। बाद में विभाग को शिकायत मिली कि कुछ शिक्षकों ने फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी हासिल की है।
शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित प्रमाणपत्रों की जांच कराई। सत्यापन के लिए प्रमाणपत्र परीक्षा बोर्ड को भेजे गए। जांच रिपोर्ट में तीन शिक्षकों के टीईटी प्रमाणपत्र अमान्य पाए गए। इसके बाद विभाग ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार तीनों शिक्षकों को आरोप पत्र जारी कर दिया गया है और विभागीय जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि प्रस्तुत किए गए प्रमाणपत्र देखने में असली जैसे लग रहे थे। इनमें क्यूआर कोड सहित कई सुरक्षा संबंधी विवरण भी मौजूद थे…लेकिन सत्यापन के दौरान दस्तावेज फर्जी पाए गए।
शिक्षा विभाग ने कहा है कि भर्ती प्रक्रिया में प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच लगातार की जा रही है। यदि किसी अन्य मामले में भी अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






