
IMADehradun | BhupendraSinghSon | Uttarakhand : भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में पासिंग आउट परेड (POP) सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। इस परेड के बाद देश को 481 नए सैन्य अधिकारी मिले हैं। इनमें उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के भूपेंद्र सिंह सोन भी शामिल हैं…जिन्होंने सेना में अफसर बनकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
पासिंग आउट परेड के बाद लेफ्टिनेंट भूपेंद्र सिंह सोन ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि इस दिन के लिए उन्होंने लंबे समय तक मेहनत और तैयारी की है। आज उनकी मेहनत सफल हुई है और उनका सपना पूरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आईएमए सिर्फ एक प्रशिक्षण संस्थान नहीं…बल्कि अनुशासन और देश सेवा की भावना को मजबूत करने वाली जगह है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मेहनत से कभी पीछे न हटें और अपने लक्ष्य पर लगातार आगे बढ़ते रहें।
भूपेंद्र सिंह सोन के पिता मनोज सिंह सोन ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि आज उनका सपना पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि भूपेंद्र बचपन से ही पढ़ाई में मेहनती रहे हैं और हमेशा लक्ष्य को लेकर गंभीर रहते थे।
भूपेंद्र की शुरुआती पढ़ाई पिथौरागढ़ में हुई…इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी मैथ्स की पढ़ाई पूरी की। उनकी माता मंजू भी इस मौके पर भावुक नजर आईं और उन्होंने बेटे की सफलता पर गर्व जताया।
परिवार के अनुसार उनके दादा भी सेना से रिटायर्ड हैं…जिससे परिवार की सैन्य परंपरा को भूपेंद्र ने आगे बढ़ाया है। पूरे गांव और क्षेत्र में उनकी इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है।






