
DehradunCrime | DowryCase | UttarakhandNews : शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत के मामले में डोईवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोईवाला में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस अपने साथ ले गई। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था।
पुलिस ने बताया कि 29 जुलाई को श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव निवासी सौरभ खत्री से हुआ था।
शिकायत के अनुसार विवाह के बाद से सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। तहरीर में पति, सास और ननद पर प्रताड़ना के चलते सृष्टि की हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस को मृतका की मां ने एक वीडियो भी उपलब्ध कराया…जिसमें सृष्टि ने कथित तौर पर विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार किया गया है।
मामले की विवेचना जारी है और अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






