
UKSSSC | UttarakhandJobs | GovernmentJobs : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले महीने महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। आयोग का लक्ष्य दिसंबर 2026 से पहले 2,477 नए पदों पर आवेदन आमंत्रित करना और पहले से लंबित कई भर्तियों की परीक्षाएं भी तय समय में कराना है।
आयोग के अनुसार भर्ती अभियान के तहत कई विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। इनमें कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्केलर, सहायक विकास अधिकारी, संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक, विज्ञान वर्ग के स्नातक स्तरीय पद, पुलिस, परिवहन और आबकारी विभाग के वर्दीधारी पद सहित कई अन्य महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इन भर्तियों के माध्यम से सरकार विभागों में कर्मचारियों की कमी दूर करने के साथ युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।
इसके साथ ही आयोग पहले से चल रही भर्ती प्रक्रियाओं को भी तेजी से पूरा करने की तैयारी में है। लगभग 1,470 पदों के लिए लिखित परीक्षाएं दिसंबर तक आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें सहायक लेखाकार, वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, कृषि विभाग के विभिन्न पद, तकनीकी सेवाओं और स्नातक स्तर की कई भर्तियां शामिल हैं। इन परीक्षाओं का लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
यदि आयोग अपनी तय समय-सीमा के अनुसार काम पूरा करता है…तो वर्ष 2026 के अंत तक करीब चार हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच सकती है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
यूकेएसएसएससी के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया ने कहा कि आयोग भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है। विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवेदन प्रक्रिया, परीक्षाओं और चयन की सभी प्रक्रियाओं को तय समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा…ताकि चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिल सके।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह भर्ती अभियान अहम माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार रोजगार के मुद्दे को अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल करना चाहती है। पिछले वर्षों में भर्ती परीक्षाओं को लेकर सामने आए विवादों के बाद राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया था। सरकार का दावा है कि इसके बाद भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने कार्यकाल की शुरुआत से ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में भी विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को तेजी से भरा जाएगा…ताकि योग्य युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिल सके और विभागों की कार्यक्षमता भी मजबूत हो।






