
DehradunNews | BLO | SIRSurvey | UttarakhandNews : राजधानी देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान एक बीएलओ के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज में कार्यरत एक शिक्षक एसआईआर अभियान के तहत क्षेत्र में मतदाता संबंधी कार्य के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दो युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि दोनों आरोपी नशे की हालत में थे। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। स्थानीय महिलाओं ने भी हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला…जिसके बाद मामला और अधिक नहीं बढ़ सका।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकारी ड्यूटी कर रहे कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।






